उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा का रहने वाला जोन का सबसे बड़ा 2.50 लाख रुपये का इनामी बदमाश राघवेंद्र यादव के विदेश में होने की आशंका पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु के आदेश पर एक पुलिस टीम उसके फर्जी पासपोर्ट होने की आशंका और उस तक पहुंचने के लिए अन्य रास्तों की पड़ताल कर रही है। बैंकाक में उसके परिवार, रिश्तेदारी के लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी का कहना है कि जल्द ही उसे पुलिस दबोच लेगी।
जानकारी के मुताबिक, तीन साल से राघवेंद्र यादव फरार है। एक लाख का इनामी होने के बाद भी नहीं पकड़े जाने पर एडीजी जोन अखिल कुमार ने इनाम बढ़ाने के लिए डीजीपी से सिफारिश की थी। जिसके बाद इनाम ढाई लाख रुपये हो गया था, पर पुलिस अब भी पोस्टर लगाने के अलावा कुछ नहीं कर पाई है। उसके विदेश में होने की आशंका की पुष्टि खुद पुलिस भी कर चुकी है। आखिरी बार पुलिस ने खुद उसे कोलकाता हवाई अड्डे पर देखा था।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि प्रकरण की जांच पुलिस कर रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए जो भी जरूरी है उस सभी बिंदु पर काम चल रहा है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इन नंबरों पर दें सूचना
अपराधी के संबंध में कोई भी सूचना थानाध्यक्ष झंगहा के मोबाइल नंबर 9454403514, क्षेत्राधिकारी चौराचौरा के मोबाइल नंबर 9454401416, पुलिस अधिक्षक उत्तरी गोरखपुर के मोबाइल नंबर 9454400273 पर दी जा सकती है। जो सूचना देगा, उसका नाम, पता गोपनीय रखा जाएगा।
छोटे से विवाद में 2016 में की थी हत्या
राघवेंद्र ने 2016 में मामूली विवाद में ही गांव के ही चाचा-भतीजे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा है। हत्या के मुकदमे के वादी व पैरवी करने वाले व्यक्ति के साथ ही रिटायर दरोगा की वर्ष 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी थी और फिर वह फरार हो गया। इसके बाद से पुलिस उसे नहीं पकड़ पाई। तब वह 25 हजार रुपये का इनामी था और अब ढाई लाख का इनामी हो गया है।