फरार बड़े अपराधियों पर बढ़ा पुलिस का शिकंजा
गोरखपुर। जिले में बड़े बदमाशों की तैयार सूची दूसरे जिलों की पुलिस से भी साझा की जाएगी। एडीजी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके पीछे का मकसद है कि बदमाश दूसरे जिले में जाकर ना छिपने पाए। इसे लेकर कवायद भी शुरू कर दी गई है। खासकर उन्हीं बदमाशों की सूची भेजी जाएगी जो बड़े बदमाशों की लिस्ट में शामिल हैं और लंबे समय से फरार हैं। इसमें फोटो भी दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों पर शिकंजा कसने पर वह गैर जनपद में जाकर शरण ले लेते हैं। वहां पर उनका रिकॉर्ड ना होने की वजह से वे आसानी से पुलिस से बचे रहते हैं। फिर जब कभी पकड़े जाते हैं तो मामला उजागर होता है। इसके साथ ही फरार बदमाशों के खिलाफ पुलिस टीम को काम करने का भी आदेश दिया गया है। जिले में करीब 25 ऐसे बदमाश हैं जो लंबे समय से फरार चल रहे हैं जिन पर हत्या जैसे मामले दर्ज हैं। एडीजी दावा शेरपा ने बताया कि बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस टीम को निर्देशित किया गया है।