जिले में 23 से 31 अगस्त तक कुल 10 पालियों में होगी परीक्षा
55 केंद्रों पर 2.45 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए 30 मुन्ना भाई चिह्नित किए गए हैं। इसमें 2024 में हुई प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले 19 और वर्ष 2019 में दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़े गए 11 मुन्ना भाई शामिल हैं। पुलिस इनकी निगरानी करेगी।
इन मुन्ना भाइयों के खिलाफ अलग-अलग थानों में केस दर्ज किए गए थे। अब बिहार, आजमगढ़ और बस्ती समेत अन्य जिलों की पुलिस से इनका सत्यापान कराया जा रहा है। पुलिस यह जानना चाह रही है कि वर्तमान में ये कहां हैं और क्या कर रहे हैं, ताकि सूचितापूर्ण ढंग से परीक्षा कराई जा सके।
जिले में 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को 55 केंद्रों पर कुल 10 पालियों में होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा में 2.45 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। एक पाली में 24,500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगेे। सुरक्षा के लिए 400 पुरुष, 110 महिला सिपाही व 100 दरोगा की ड्यूटी लगी है। सीओ, थानेदार व चौकी प्रभारी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। क्राइम ब्रांच, एसओजी के साथ ही एसटीएफ की टीम भी सक्रिय रहेगी।
सघन निगरानी के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसी कैमरे को पुलिस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाकर जोड़ने की तैयारी चल रही है। एक अधिकारी यहां से परीक्षा केंद्रों पर चल रही गतिविधि को देखेंगे। कहीं कोई गड़बड़ी नजर आई तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
पिछली प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाने वाले आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। उनकी सूची तैयार कर ली गई है। संबंधित थाने की मदद से सभी का सत्यापन कराया जा रहा है।
- डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी