उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पीपीगंज इलाके के कल्याणपुर गांव के बैकुंठपुर निवासी भोनू निषाद (70) की एक प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार की सुबह मौत हो गई। घरवाले शव को दाह संस्कार के लिए ले जा रहे थे तभी किसी ने पुलिस को सूचना देकर बताया कि एक सप्ताह पूर्व जमीन के बंटवारे में भोनू की पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते में घरवालों को रोककर बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, भोनू के चार बेटे हैं। चारों बेटों में जमीन जायदाद को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती है।
एक माह पूर्व भी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद थाने पर सुलह हुई थी। पुलिस को मौके पर अधिकतर ग्रामीणों ने बताया कि बेटे पर पिटाई का आरोप गलत है। ग्राम पंचायत चुनाव की रंजिश में बेटे को फंसाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने सूचना देने वाले ग्रामीण से भी पूछताछ की। उसने बताया कि मामले में बेटे और उसके परिवार को डराने के लिए पुलिस को ऐसी सूचना दी थी।
सूचना झूठी साबित हुई तो होगी कार्रवाई
पीपीगंज के थानेदार सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर जांच में सूचना झूठी मिली तो संबंधित ग्रामीण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।