गोरखपुर जिले के बेलीपार इलाके के कतरारी गांव में धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना पर मंगलवार को पुलिस पहुंच गई। संदेह के आधार पर संजय निषाद नाम के एक युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है।
पुलिस के मुताबिक, कतरारी गांव निवासी संजय निषाद मुंबई में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करता था। दो साल पहले लॉकडाउन होने पर वह अपने गांव लौट आया।
संजय ने पुलिस को बताया है कि उसे मिर्गी की बीमारी थी। मुंबई के एक प्रार्थना स्थल पर वह गया और उसकी बीमारी ठीक हो गई। इसके बाद गांव के दो तीन लोगों को और वहां पर ले गया वह भी स्वस्थ हो गए। गांव लौटने के बाद गांव वालों ने मुझे जाने नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि गांव में रोजाना वह एक सभा करके एक धर्म विशेष की बात करता है। इसी का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया है। छानबीन की जा रही है।