उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां राजघाट के तुर्कमानपुर में महिला द्वारा खाने के चावल में जहर मिलाने की सूचना पर पुलिस तत्काल दौड़ पड़ी। जांच में जहर मिलाने की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस को झाड़-फूंक के चक्कर में चावल में कुछ पाउडर मिलाए जाने की आशंका है। जिसे घर की एक बच्ची ने देखा और किसी ने चावल नहीं खाया तथा परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। फिलहाल मामले में कोई तहरीर किसी ने नहीं दी है। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, तुर्कमानपुर निवासी एक महिला शुक्रवार की देर रात खाना बना रही थी। तभी घर की एक बच्ची ने उसे चावल में कुछ पाउडर मिलाते देखा। बच्ची ने अन्य घर वालों को यह बात बताई। घरवालों ने बिना चावल खाए डॉयल 112 पर जहर मिलाने की सूचना दे दी। जिसके बाद पीआरवी व पांडेयहाता चौकी पुलिस पहुंच गई।
पुलिस की जांच में जहर मिलाने की पुष्टि नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि महिला पति को वश में करने के लिए झाड़-फूंक कराती है। आशंका है कि उसी से संबंधित कोई पाउडर उसने चावल में डाला। लेकिन किसी ने खाया नहीं।
इस संबंध में सीओ कोतवाली बीपी सिंह ने बताया कि जहर मिलाने की पुष्टि नहीं हुई। न ही घर के किसी सदस्य ने भोजन किया। झाड़-फूंक का मामला प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।