- दूध विक्रेता का गला कटने के बाद पुलिस ने तेज किया अभियान
गोरखपुर। दूध विक्रेता के गला कटने की घटना के बाद पुलिस ने चीन के मांझे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को शहर के प्रमुख बाजार से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस टीमों ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों की सघन जांच की। दुकानों में रखे मांझे के पैकेट, चरखियों और स्टॉक को खंगाला गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी दुकान से प्रतिबंधित मांझा बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या भंडारण पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों से प्रतिबंधित मांझे की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
दरअसल, शनिवार को खोराबार थाना क्षेत्र के नौवा अव्वल निवासी 24 वर्षीय मुकेश पासवान बाइक से दूध लेकर शहर की ओर जा रहे थे। पूर्वांह्न करीब 11:20 बजे गोपलापुर के पास सड़क पर लटका मांझा अचानक उनके गले में फंस गया। धारदार मांझे से गला कट गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मुकेश को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने पतंग-मांझा विक्रेताओं की निगरानी बढ़ाते हुए शहर और ग्रामीण इलाकों में विशेष चेकिंग शुरू की है। दुकानों के साथ गोदामों और संभावित बिक्री स्थलों की भी जांच की जा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिक्री या भंडारण मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।