बेटे के बारे में जानकारी लेने के लिए एसएसपी दफ्तर गए सपा नेता कुंवर प्रताप सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोप था कि नेता ने दफ्तर में बेटे को पकड़े जाने के विरोध में हंगामा किया था। देर शाम कुंवर प्रताप से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
बोरे में छिपाकर रखी थी कार्बाइन
विजय प्रताप के निशानदेही पर पुलिस ने बोरे से कार्बाइन को बरामद किया है। बताया जा रहा है कि वह अपने कार में उसे लेकर घूमता था। पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि आखिर इन दोनों के पास कार्बाइन आई कहां से थी।
चुनाव के दौरान फायरिंग में जेल गया था विजय प्रताप
पंचायत चुनाव के दौरान प्रत्याशी रहते हुए विजय प्रताप पर फायरिंग करने का आरोप भी लगा था। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी विजय को जेल भेजा था। इसके बाद मतगणना में विजय चुनाव जीत गया था।
पूर्व विधायक के ब्लॉक प्रमुख पुत्र प्रिंस उर्फ अगम सिंह को भी पुलिस कार्बाइन के साथ दबोच चुकी है। 18 अगस्त 2018 को पुलिस ने प्रिंस को कार्बाइन, पिस्टल व अन्य असलहों के साथ पकड़ा था।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि वीडियो वायरल होने की जानकारी होने पर केस दर्ज कर लिया गया था। आरोपी को कार्बाइन के साथ पकड़ा गया है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित असलहा कहां से मिला। अगर किसी ने दिया तो कितने में दिया और उसके पास कहां से आया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जल्द ही सभी को दबोच लिया जाएगा।
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव कुंवर प्रताप सिंह ने कहा कि गांव के खेल मैदान पर कब्जे की लड़ाई प्रधान बेटा लड़ रहा है। विरोधी ने साजिशन बेटे को फंसा दिया है। मैं सिर्फ एसएसपी के पास बेटे के बारे में जानकारी लेने के लिए गया था। मुझे भी पुलिस ने हिरासत में रखकर उत्पीड़न किया।