उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अफसरों के निर्देश पर पुलिस उन लोगों के घर जाकर चेता रही है जो आपराधिक मामलों में जमानत पर बाहर हैं। उन्हें चेताया जा रहा है कि दोबारा अपराध किए तो फिर से जेल भेज दिए जाएंगे। उधर, गांव में अशांति फैलाने वालों को चिन्हित कर पुलिस पाबंद करने की कार्रवाई भी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, डीआईजी राजेश डी मोदक ने रेंज के अफसरों के साथ हुई बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस को सतर्क रहने को कहा था तो वहीं एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने भी क्राइम मीटिंग में पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने साफ कहा है कि पुलिस अभी से गांवों में विवाद की जानकारी जुटा ले। इन मामलों को अलग रजिस्टर में दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में इसकी जानकारी रहे कि कौन सा मामला चुनावी है।