प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की निगरानी में पूरे प्रदेश में साल भर चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव समारोह मनाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
चार फरवरी को मुख्य महोत्सव चौरीचौरा शहीद स्मारक पर होगा जिसका उद्घाटन वर्चुअली पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इस दौरान वह लोगों को संबोधित भी करेंगे। करीब 40 मिनट के शुभारंभ कार्यक्रम और पीएम के संबोधन के दौरान शहीद स्मारक के पास स्थित रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
बीते बृहस्पतिवार की देर शाम कमिश्नर जयंत नार्लिकर की अध्यक्षता में जूम एप के जरिए हुई महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक में भी इसपर चर्चा की थी। बैठक में तय हुआ था कि चार फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के दौरान 40 मिनट तक चौरीचौरा रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का आवागमन रुका रहेगा।
कार्यक्रम को चार फरवरी से पांच फरवरी 2021 तक दो दिन कर दिया गया है। इस दौरान बॉलीवुड गायक सोनू निगम को भी बुलाने की तैयारी है। कार्यक्रम स्थल को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर पंचायत मुंडेरा बाजार के द्वारा रेत शिल्प कलाकारों को भी बुलाया गया है कि जो रेत पर चौरीचौरा की घटना को अलग-अलग आकृति से बयां करने की कोशिश करेंगे।