प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले के 13,139 लाभार्थियों के खातों में 69.92 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत चयनित जिले के 19 ब्लाक के 9018 लाभार्थियों को 40 हजार रुपये की प्रथम किस्त के रूप में 36.07 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। इसी तरह 4121 लाभार्थियों के खातों में 70 हजार रुपये की दूसरी किस्त के रूप में 28.85 करोड़ रुपये की धनराशि पहुंची।
जिले के किसी लाभार्थियों को पीएम से बात करने का मौका तो नहीं मिला मगर वर्चुअल तौर पर हुए इस कार्यक्रम में 10 लाभार्थियों को उन्हें सुनने का मौका जरूर मिला। कार्यक्रम से जुड़ने के लिए गोरखपुर के एनआईसी सभागार में जन प्रतिनिधियों के साथ 10 लाभार्थी भी मौजूद रहे।
इस दौरान कार्यक्रम में लखनऊ से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और 5 कालीदास मार्ग, लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जुडे़। गोरखपुर एनआईसी सभागार में लाभार्थियों के साथ विधायक महेंद्र पाल सिंह, विधायक शीतल पांडेय, सीडीओ इंद्रजीत सिंह एवं ग्राम विकास विभाग के अधिकारी एवं लाभार्थी जुड़े थे।
सरकार से मदद नहीं मिलती तो अधूरा रह जाता घर का सपना
जिले की लाभार्थी द्रोपदी देवी और बचिया देवी ने कहा कि सालों से वह खुद के घर का सपना संजोए हुए थीं। सरकार यदि मदद नहीं करती तो यह सपना अधूरा ही रह जाता। हमारे लिए घर की व्यवस्था करने के लिए पीएम मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद। एनआईसी सभागार में 10 लाभार्थी महिलाएं कार्यक्रम की गवाह बनीं। इनमें खजनी से द्रोपदी देवी, राम प्रसाद, श्याम लाल, मीना देवी, पार्वती, मंजू देवी और चरगावां से विजेंद्र, फूलदेव और बचिया शामिल रहीं।
मौजूदा वित्त वर्ष में 17092 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य
मौजूदा वित्त वर्ष में गोरखपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 17092 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य है। 16815 लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन लाभार्थियों में 7377 को 40 हजार की पहली किस्त के रूप में 29.51 करोड़ दिए जा चुके हैं। 375 लाभार्थियों को योजना के तहत 70 हजार रुपये की दूसरी किस्त के रूप में 2.63 करोड़ की धनराशि दी जा चुकी है। यानी 7552 लाभार्थियों को 32.13 करोड़ की धनराशि प्रदान कर दी गई है।