- खिलाड़ी बोले- यादगार रहा सीबीएसई जोनल हॉकी का सफर
- शानदार आयोजन, बेहतरीन मेजबानी और कड़े मुकाबलों ने बनाया टूर्नामेंट को खास
गोरखपुर। सीबीएसई जोनल हॉकी प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ी अपने-अपने शहरों को लौट रहे हैं लेकिन गोरखपुर से जुड़ी यादें उनके साथ लंबे समय तक रहेंगी। खिलाड़ियों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि सीखने और नए दोस्त बनाने का शानदार अवसर भी रहा।
खिलाड़ियों का कहना है कि गोरखपुर की मेजबानी, खेल मैदान की उत्कृष्ट व्यवस्था और आयोजन समिति का सहयोग उन्हें बेहद पसंद आया। विभिन्न आयु वर्गों में हुए मुकाबलों ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका दिया और मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। ऐसे जोनल टूर्नामेंट भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने का मजबूत मंच हैं। प्रतियोगिता ने उन्हें जीत-हार से आगे बढ़कर अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का महत्व भी सिखाया।
खिलाड़ियों से बातचीत
यहां की खेल सुविधाएं, मैदान और आयोजन की व्यवस्था बेहतरीन रही। मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से हमारे खेल में काफी सुधार हुआ। यहां का अनुभव हमेशा याद रहेगा और भविष्य में आत्मविश्वास बढ़ाएगा।
- अनंत गुप्ता, कानपुर
हर मैच ने हमें कुछ नया सिखाया। यहां प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा था, जिससे अपने खेल का आकलन करने का मौका मिला। गोरखपुर में मिला सकारात्मक माहौल और दर्शकों का उत्साह हमेशा याद रहेगा।
- संगम भारद्वाज, बलिया
इस टूर्नामेंट में अलग-अलग राज्यों की टीमों से मुकाबला करना शानदार अनुभव रहा। नए खिलाड़ियों से मिलने और उनकी खेल शैली को समझने का मौका मिला। गोरखपुर के लोगों का सहयोग दिल को छू गया।
- आदित्य सिंह, पटना
प्रतियोगिता में खेलना मेरे लिए गर्व की बात रही। यहां अनुशासन, बेहतर व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं बेहद अच्छी थीं। इस प्रतियोगिता से मुझे आत्मविश्वास, नई दोस्ती और कई यादगार पल मिले।
- राज प्रताप सिंह, प्रयागराज