गोरखपुर जिले के गीडा में प्लास्टिक पार्क स्थापित करने के लिए कवायद शुरू हो गई है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद गीडा सीईओ ने इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। वहीं छह जनवरी को विशेषज्ञ इस पार्क से संबंधित खाका पेश करेंगे।
सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रो केमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी (सिपेट) की ओर से ऑनलाइन बैठक में पार्क की स्थापना, जमीन, तकनीक समेत विभिन्न मसलों पर चर्चा होगी। इसमें प्रदेश में प्रस्तावित दोनों ही प्लास्टिक पार्क के बारे में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने गोरखपुर में प्लास्टिक पार्क बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। दरअसल, पहले कानपुर और औरैया में प्लास्टिक पार्क स्थापित करने की योजना थी, लेकिन दोनों शहरों के बीच की दूरी कम होने के कारण एक पार्क गोरखपुर में स्थापित करने का फैसला हुआ।