पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह का मोबाइल फोन सोमवार को हैक होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हैकरों ने विधायक के नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजे और रुपये की मांग की। जानकारी मिलते ही विधायक की ओर से सोशल मीडिया सेल के माध्यम से लोगों को सावधान किया गया।
विधायक के नंबर से आने वाले किसी संदेश या कॉल पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करने की अपील की गई। बताया गया कि सोमवार को विधायक एक कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप संदेश आया। उसमें एक लिंक भेजा गया था।