गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कंसासुर गांव के एक युवक का, खुद की कनपटी पर तमंचा सटाए फोटो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फोटो के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान कर, उसे हिरासत में ले लिया है। असलहे की तलाश की जा रही है।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही पुलिस अवैध असलहों की बरामदगी पर पूरा जोर लगाए हुए है। बावजूद इसके, हर दिन कहीं न कहीं असलहा लहराने या असलहे के साथ फोटो वायरल होने की बात सामने आ रही है।
कनपटी पर असलहा सटाए मनबढ़ युवक की फोटो देखकर पुलिस सक्रिय हुई तो दोपहर बाद पता लगा कि यह फोटो कंसासुर गांव के युवक का है। वह युवक असलहा लेकर चलने का शौकीन बताया जा रहा है। शाम को युवक को पूछताछ के लिए पकड़ लिया गया।
इंस्पेक्टर उमेश कुमार वाजपेयी का कहना है कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जिस असलहे का फोटो वायरल हो रहा है, वह मिले तभी पता लगेगा कि असली है या नकली।