बीआरडी मेडिकल कॉलेज एनेस्थीसिया और एनाटॉमी विभाग में पीजी की सीटें डबल हो सकती हैं। दोनों विभागों ने सीट बढ़ोतरी के लिए नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) में आवेदन किया था। इस पर मंगलवार को दो सदस्यीय टीम ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर कैंपस और विभाग का निरीक्षण किया।
एनेस्थीसिया विभाग ने छह सीटों और एनाटॉमी विभाग ने तीन सीटों को बढ़ाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन के बाद एनएमसी की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची थी। हालांकि मेडिकल कॉलेज में शीतकालीन अवकाश की वजह से करीब आधे चिकित्सक अवकाश पर हैं। ऐसी स्थिति में कॉलेज प्रशासन ने एनएमसी की टीम को कैंपस और विभाग का निरीक्षण कराया।
टीम में हरियाणा के गुरुग्राम की डॉ. नीतू अरोड़ा और पश्चिम बंगाल के कोलकाता से डॉ. दीपाश्री भट्टाचार्य मौजूद रहीं। दोनों सदस्यों ने सबसे पहले संबंधित विभागों का निरीक्षण किया। इसके बाद एनेस्थीसिया के शिक्षकों से मुलाकात की। विभाग में संसाधनों को देखा। टीम एनाटॉमी विभाग गई। वहां पर विभागाध्यक्ष सहित शिक्षकों से मुलाकात की।
प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि एनेस्थीसिया में पीजी की छह सीट है, जिसे बढ़ाकर 12 करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसी तरह एनाटॉमी में पीजी की दो सीटों को बढ़ाकर पांच करने हैं। इसे लेकर टीम जांच के लिए बीआरडी पहुंची थी।
कहा, टीम इमरजेंसी वार्ड, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक, माइनर ऑपरेशन थियेटर, मेजर ऑपरेशन थियेटर, पैथालॉजी, लेबर रूम, सीजेरियन ओटी, माइक्रोबायोलॉजी विभाग का निरीक्षण की है। साथ ही नेहरू अस्पताल के अलग-अलग वार्डों को भी देखी। टीम जल्द ही इसकी रिपोर्ट जारी करेगी। रिपोर्ट के आधार पर सीटों के बढ़ने का फैसला होगा।