गोरखपुर के सहजनवां कबे में हो रहे फोरलेन निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों ने मंगलवार दोपहर एक बजे लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के जेई, एई और ठेकेदार समेत अन्य लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज भी की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना उनकी मौजूदगी के अतिक्रमण क्यों हटाया गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोपहर में दो बजे बंधक बनाए गए लोग रिहा हो पाए।
जानकारी के अनुसार, सहजनवां कसबे में थाने से लेकर रेलवे स्टेशन तक दो किलोमीटर तक फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। मानक के अनुसार दोनों तरफ सात-सात मीटर सड़क की पटरी रहेगी। एक-एक मीटर नाली दोनों तरफ और आधा मीटर का डिवाइडर बनाया जाएगा। इसके लिए कुल 16.5 मीटर जगह की आवश्यकता है। बाजार में नाली बनाने का काम तकरीबन पूरा हो चुका है, लेकिन 150 मीटर में काम नहीं हो पाया है। इसकी वजह है कि स्थानीय दुकानदार नाली के लिए जगह खाली नहीं कर रहे हैं।
आरोप है कि दबाव में सड़क की चौड़ाई कम करके 15 मीटर कर दी गई, इसके बावजूद काम नहीं करने दिया जा रहा है। लेखपाल से प्रशासन ने रिपोर्ट मंगवाई तो उसमें भी कहा गया कि दुकानदार जो अतिक्रमण किए हैं वह सरकारी जमीन है। तीन बार लोक निर्माण विभाग की तरफ से चूना गिराकर जमीन को चिह्नित किया गया।