गोरखपुर जिले के हरपुर-बुदहट इलाके के एक सरकारी स्कूल में दो छात्राओं से सोमवार को चपरासी ने छेड़खानी कर दी। जानकारी होने पर पहुंचे अभिभावकों ने चपरासी की पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, अभिभावकों का यह भी आरोप है कि विद्यालय में एक ही शिक्षक हैं, उनके न आने पर चपरासी शिक्षक बनकर पढ़ाता भी है। यह घटना पढ़ाने के दौरान ही हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पास की ही 11 वर्षीय छात्रा कक्षा छह में और 12 वर्षीय छात्रा सातवीं में पढ़ती है। सोमवार दोनों एक साथ ही स्कूल गईं थीं। दोनों कक्षाओं के बच्चों को एक ही क्लास में बैठाकर चपरासी पढ़ाने लगा।
इसी दौरान दोनों से उसने छेड़खानी की। बच्चों की संख्या कम थी, लेकिन दोनों छात्राओं ने विरोध किया तो चपरासी ने डांट दिया। इसके बाद छात्राएं घर गईं और अभिभावकों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पहुंचे अभिभावकों ने चपरासी की पिटाई कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नितिन रधुनाथ श्रीवास्तव ने कहा कि छात्राओं के परिजन से तहरीर मांगी गई है। मामले की जांच की जा रही है। केस दर्ज किया जाएगा। बीएसए आरके सिंह ने कहा कि बीईओ सहजनवां से जांच कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रीनाथजी मंदिर में की पूजा, लोक कल्याण की कामना की