परिवहन निगम : अर्थदंड के मामले में आरएम व एआरएम से जवाब तलब
गोरखपुर। सवारी नहीं मिलने की दशा में संविदा चालकों एवं परिचालकों पर अर्थदंड लगाए जाने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन अतुल भारती ने आरएम व एआरएम से जवाब तलब किया है। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि किसके आदेश पर संविदा चालकों एवं परिचालकों से अर्थदंड वसूला जा रहा है। जवाब मिलने में देरी हुई तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
ढाई महीने बाद एक जून से अनलॉक-1 में बसों का संचालन शुरू हुआ। परिवहन निगम को उम्मीद थी कि इतने दिनों बाद बसों का संचालन शुरू होने से पर्याप्त संख्या में सवारी मिलेगी लेकिन हुआ इसका उल्टा। कोरोना का डर लोगों में इस तरह से घर कर गया कि लोग बसों का संचालन शुरू होने के बाद भी घरों से नहीं निकले जिससे परिवहन निगम एक जून से अबतक लगातार घाटे में चल रहा है। रोडवेज को घाटे से उबारने के लिए निगम द्वारा कई उपाय किए गए फिर भी रोडवेज घाटे से उबर नहीं पा रहा। अब परिवहन निगम को शिकायत मिली है कि स्थानीय जिम्मेदारों द्वारा रोडवेज को घाटे से उबारने के लिए बसों में सवारी पर्याप्त नहीं होने पर संविदा चालकों एवं परिचालकों पर अर्थदंड लगाया जा रहा है। जबकि निगम की ओर से ऐसे किसी भी तरह के अर्थदंड लगाए जाने के आदेश नहीं दिए गए हैं।
गोरखपुर परिक्षेत्र में किसी भी संविदा चालक और परिचालक से अर्थदंड नहीं वसूला गया है। मुख्य प्रधान प्रबंधक का पत्र मिला है। उन्हें जवाब दे दिया गया है।
-डीवी सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक