राघवेंद्र दुबे उर्फ गिलगिल दुबे।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के खजनी इलाके के मिश्रौलिया ग्राम पंचायत से पूर्व प्रधान व प्रधान पद के प्रत्याशी राघवेंद्र उर्फ गिलगिले दुबे के पेट में फंसी गोली को केजीएमयू लखनऊ के चिकित्सकों ने गुरुवार को ऑपरेशन कर निकाल दिया। चिकित्सकों के मुताबिक राघवेंद्र की हालत स्थिर बनी हुई है। उधर, भतीजे की तहरीर पर राघवेंद्र को गोली मारने के मामले में पुलिस ने निवर्तमान प्रधान व प्रत्याशी शंभू यादव और उनके समर्थकों पर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मिश्रौलिया गांव में बुधवार की रात घर लौटते समय राघवेंद्र को गोली मार दी गई थी। दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राघवेंद्र को परिजन जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज लेकर गए। गंभीर होने पर बुधवार की रात डॉक्टरों ने राघवेंद्र को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया था।
राघवेंद्र के भतीजे धर्मेंद्र नारायण दूबे ने तहरीर देकर खजनी पुलिस को बताया कि चुनावी रंजिश में निवर्तमान ग्राम प्रधान व प्रत्याशी शंभू यादव और उनके समर्थकों ने वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार की रात में चाचा राघवेंद्र घर लौट रहे थे कि इसी समय शंभू अपने समर्थकों के साथ भिड़ गया और फिर राघवेंद्र को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शंभू को नामजद आरोपी बनाया जबकि कुछ अज्ञात पर केस दर्ज किया है। शंभू को पुलिस ने घटना के बाद ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
गांव में तैनात थी अतिरिक्त फोर्स
गांव में गुरुवार को मतदान होने की वजह से विशेष सतर्कता बरती गई थी। एडीजी अखिलेश कुमार, डीएम व एसएसपी ने गांव में जाकर जांच पड़ताल भी की थी। वहां पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव निपट गया है।