गोरखपुर छात्रसंघ चौराहा स्थित पनेशिया अस्पताल विवाद में भाजपा सांसद कमलेश पासवान पर दर्ज डकैती का मामला हो या विपक्षी विजय पांडेय पर दर्ज एससी-एसटी के तहत मुकदमा, पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है। दोनों मामलों की जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई के मूड में है।
जानकारी के मुताबिक, पनेशिया हॉस्पिटल पर मालिकाना हक को लेकर डॉ. प्रमोद और संस्थापक सदस्य विजय पांडेय के बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद में पिछले दिनों भाजपा सांसद कमलेश पासवान भी अस्पताल पहुंच गए थे। इस बीच विवाद हुआ था।
मामले में विजय पांडेय ने कैंट पुलिस को तहरीर दी थी। इसी आधार पर सांसद कमलेश पासवान व उनके सहयोगियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा हुआ। सांसद की तरफ से दी गई तहरीर पर विजय पांडेय और उनके सहयोगियों पर एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज है।
अब पुलिस इस पूरे प्रकरण में फूंक-फूंककर कदम रख रही है। मामला हाईप्रोफाइल है इस वजह से पुलिस जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाना चाहती है। सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।