गोरखपुर जिले के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने ऑक्सीजन बैंक तैयार कर लिया है। शनिवार को यह बैंक वजूद में आ गया। पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों ने टाउनहॉल स्थित कचहरी क्लब ग्राउंड में सफाई कर इसे तैयार किया और विभिन्न जगहों से आए 1500 ऑक्सीजन सिलिंडर वहां रखे गए।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन के मुताबिक रेलवे प्रशासन ने 500 ऑक्सीजन सिलिंडर दिए हैं। इसी तरह खाद कारखाने का निर्माण करा रही कंपनी एचयूआरएल ने भी 100 सिलिंडर दिए हैं। करीब आठ सौ सिलिंडर गीडा में बंद पड़ी फैक्टरी से मिले हैं। अस्पतालों में 48 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप बरकरार रहे, इसलिए इस बैंक की शुरुआत की गई है। सभी सिलिंडर की मरम्मत एवं सफाई कराकर उसे रिफिलिंग के लिए तैयार किया जाएगा।