पंचायतीराज दिवस के मौके पर शनिवार को गोरखपुर जिले की दो पंचायतें पिपराइच ब्लॉक की अराजी बसडीला और खोराबार की ग्राम पंचायत छितौना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मानित होने का मौका मिला। वर्चुअल कार्यक्रम में पीएम ने दिल्ली से बटन दबाकर दोनों पंचायतों के खातों में 25 लाख रुपये भेजे। इनमें अराजी बसडीला को 15 लाख तो छितौना को 12 लाख रुपये मिले।
दोनों पंचायतों को यह पुरस्कार पंचायती राज विभाग की ओर से मिलने वाले बजट का सदुपयोग कर ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने पर मिला। दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण योजना के तहत इन दोनों पंचायतों को पुरस्कार की घोषणा पहले ही हो गई थी। गोरखपुर से इस कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) हिमांशु शेखर ठाकुर एवं जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण बच्चा सिंह जुड़े।