गोरखपुर। डोमिनगढ़ से जगतबेला के बीच रविवार की भोर में तीन बजे ओएचई लाइन में फाल्ट आने से करीब 10 से ज्यादा ट्रेनें सहजनवां, मगहर और गोरखपुर स्टेशन पर रुकी रहीं। रेलवे स्टॉफ ने सुबह करीब सात बजे ओएचई लाइन को सही किया तब जाकर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। रेलवे प्रशासन का कहना है कि तकनीकी कारणों से यह दिक्कत हुई है। जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर फाल्ट को ठीक करने में लग गई।
जानकारी के मुताबिक, डोमिगनढ़ और जगतबेला के बीच अचानक ओएचई लाइन में खराबी आ गई। रेलवे कर्मियों ने जब चेकिंग की तो ओएचई लाइन में फाल्ट का पता चला। इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दे दी गई। इसके बाद रेलकर्मियों ने फाल्ट ढूंढ़ना शुरू किया। उधर, फाल्ट की वजह से गोरखपुर आने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस 22538 करीब डेढ़ घंटे, कृषक एक्सप्रेस 15008 भी तय समय से करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची। दिल्ली से मुजफ्फरपुर जाने वाली 12558 सप्तक्रांति भोर में 3:37 बजे गोरखपुर पहुंचती है, जो चार घंटे होकर 7:30 बजे पहुंची। इस दौरान यात्री फंसे रहे।