मासूमों के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं पर जताया रोष
गोरखपुर। जिले में बच्चों के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं को लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष ऋषि कपूर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने इस तरह की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले में लगातार हो रही घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल है। एक पुलिसकर्मी द्वारा 10 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि बच्चों से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालय गठित किया जाए और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। अपराधियों पर पॉक्सो और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनकी अवैध संपत्ति कुर्क करने, 30 दिन में जांच पूरी कर आरोप पत्र दाखिल करने और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की भी मांग की। जिलाध्यक्ष ऋषि कपूर ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बसपा आंदोलन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में घनश्याम राही, परमेश्वर उर्फ छोटू सहारा, जावेद सिमनानी समेत कई लोग मौजूद रहे।