उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खोराबार थाने में नशे में धुत पुलिसकर्मियों के आपस में मारपीट करने के मामले में डीआईजी/एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने एसओ नासिर हुसैन के खिलाफ फिर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इस बार एसओ पर आरोप है कि उन्होंने डीआईजी के आदेश के बावजूद नशे में धुत पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच नहीं कराई।
इससे पहले थाने में हुई घटना में अनुशासन बनाए रखने में नाकाम रहने पर डीआईजी ने थानेदार के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए थे। अब मेडिकल जांच न कराने का मामला भी इसमें जुड़ जाएगा। उधर, विभाग में यह चर्चा जोरों पर है कि एसएसपी खुद थानेदार की नाकामी मानते हैं तो फिर वह अपने पद पर कैसे बने हुए हैं?
जानकारी के मुताबिक, खोराबार थाने में तैनात एक दारोगा 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे। थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक ठेकेदार की मदद से उसी दिन रात में उनकी विदाई में पार्टी रखी थी। खाने-पीने के दौरान ही किसी बात पर एक दारोगा व थाने में तैनात सिपाही से कहासुनी हुई। मामला बढ़ने पर इसमें कुछ और पुलिसकर्मी शामिल हो गए। हाथापाई होने लगी। बाद में थाने पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामले की जानकारी थानेदार को दी।