इलाके की सिंहवलिया पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने आभूषण व्यापारी को असलहा सटाकर नकदी और जेवरात लूट लिए। बदमाश 1.25 लाख के जेवरात और सत्रह सौ रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। व्यापारी ने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी है।
हरपुर बुदहट इलाके के पचौरी निवासी सुभाष वर्मा की कटसहरा चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान है। बृहस्पतिवार की शाम छह बजे वह दुकान बंद कर बाइक की डिकी में जेवरात रख घर जा रहे थे। सिंहवलिया पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
पुलिस को दी तहरीर में कारोबारी ने बताया कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर असलहा सटा दिया और जेब में रखे सत्रह सौ रुपये और 20 ग्राम सोना व 850 ग्राम चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद व्यापारी थाने के लिए निकले तो रास्ते में आ रही पीआरवी यूपी 112 के पुलिस कर्मियों को जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पता लगाने की जगह उन्हें थाने जाने की सलाह दी। जिसके बाद शुक्रवार की सुबह व्यापारी थाने पहुंचे और तहरीर दी।