घर से दूर दूसरे जिलों में नौकरी करने वाले परिषदीय शिक्षकों को अब गांव-घर के पास नौकरी करने का मौका मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की कवायद शुरू कर दी है। गोरखपुर में 1003 शिक्षकों को आने का मौका मिलेगा। वहीं 450 शिक्षकों ने अन्य जिलों में जाने के लिए आवेदन किया है।
15 अक्तूबर को शिक्षकों के स्थानांतरण की सूची जारी होगी। अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने परिषदीय शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए समय सारिणी जारी की है। परिषदीय शिक्षकों के लिए बीते वर्ष अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके लिए काफी संख्या में शिक्षकों ने अपने पसंदीदा जिले में जाने के लिए आवेदन किया था। हालांकि, बाद में इस प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया।
शिक्षक संगठन अंतरजनपदीय स्थानांतरण की लगातार मांग करते आ रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसकी प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है। जिले में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद के लिए कोई जगह नहीं खाली है। प्राथमिक में शिक्षक के लिए 601 रिक्तियां हैं। उच्च प्राथमिक में सहायक अध्यापक के लिए 391 व प्रधानाध्यापक के 11 पद रिक्त हैं। यह प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होकर 26 अक्तूबर तक चलेगी।
प्रस्तावित समय सारिणी
- जनपदीय समिति द्वारा दावे/आपत्तियों का निस्तारण-24-28 सितंबर
- जनपदीय समिति के बाद बीएसए द्वारा संबंधित अध्यापक का डाटा रिसेट करते हुए शिक्षकों को संशोधन के लिए उपलब्ध कराना-29 से 30 सितंबर
- अध्यापक/अध्यापिकाओं द्वारा अपने आवेदन फार्म में संशोधन कर आवेदन पत्र पूर्ण करना- 1-3 अक्तूबर
- बीएसए की ओर से जनपदीय समिति के निर्णय के बाद आवेदन पत्रों को सत्यापित करते हुए लॉक किया जाना- 4-5 अक्तूबर
- एनआईसी द्वारा यूजर एक्सेपटेंस टेस्ट-11-12 अक्तूबर
- अंतिम सूची का प्रकाशन- 15 अक्तूबर
- स्थानांतरित जनपद में कार्यभार ग्रहण करना- 24 अक्तूबर
- कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात ऑनलाइन प्रक्रिया से आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना- 26 अक्तूबर
प्रोन्नत किए जाएं दस वर्षों से कार्यरत सहायक अध्यापक: भारतेंदु
दस वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापकों को प्रोन्नत किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिला संयोजक भारतेंदु यादव और सहसंयोजक नीरज शाही ने बताया कि वर्ष 2010 से नियुक्त शिक्षकों के पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। अंतरजनपदीय स्थानांतरण में 391 पद जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापकों के दिखाए गए हैं। ऐसे में गोरखपुर के शिक्षकों को वरीयता देते हुए प्रोन्नत किया जाए। ज्ञापन देने वालों में रंजीत राय, अरविंद यादव, चंद्रभान प्रसाद, प्रिंस इंद्रमणि, मो. आसिम, सुरेश पासवान, आयुष मिस्र, पंकज पांडेय आदि रहे।