उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। यहां खजनी के धोबहा गांव का निवासी एक 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 20 हो गई है। इनमें से 2 की मौत हो चुकी है। जबकि दो ठीक होकर घर जा चुके हैं। शेष का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसकी पुष्टि सीएमओ श्रीकांत तिवारी ने की है।
बता दें कि खजनी का यह बुजुर्ग अहमदाबाद में पेंट पॉलिश का काम करता था। वहां से ट्रेन से आया था। 14 मई को बस्ती पहुंचा। वहां से बस से सहजनवा तक आया। थर्मल स्क्रीनिंग में उसका तापमान सही मिला तो उसे छोड़ दिया गया।
वह पैदल ही अपने गांव चला गया। 16 मई को उसकी तबीयत खराब हुई तो 108 नंबर एंबुलेंस से सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचा। उसे भर्ती कराकर उसका नमूना जांच के लिए भेज दिया गया। सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सीओ खजनी योगेंद्र नारायण कृष्ण ने बताया कि बुजुर्ग की रिपोर्ट मिलने के बाद धोबहा गांव के आस-पास के तीन किलोमीटर एरिया को सील कर दिया गया है। इस दौरान एसपी साउथ विपुल श्रीवास्तव भी पहुंचे।