सिद्धार्थनगर जिले की एक कोरोना संक्रमित वृद्धा की कैली अस्पताल (बस्ती) में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 17 नए संक्रमित मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। जिले में अब तक 2879 संक्रमित पाए जा चुके हैं। शनिवार को 17 मरीज डिस्चार्ज हुए जबकि अब तक 2399 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। 451 लोगों का इलाज चल रहा है और अब तक 29 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी 75 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी। हालत गंभीर होने पर उसे कैली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के इंद्रानगर, समेदा, बगडिहवा और डुमरियागंज थाने में एक-एक कोरोना संक्रमित पाए गए। बर्डपुर के सोनबरसा गांव में दो और बीकापुर में एक संक्रमित मिला। भनवापुर के सिकटा गांव में दो संक्रमित पाए गए।
नौगढ़ के भीमापार गांव में एक और नौगढ़ में दो संक्रमित मिले। जोगिया के भिटिया राजा गांव में एक, मिठवल के सिहंगोरिया, शोहरतगढ़ के मुसहरी, उसका के मदनपुर गांव में एक-एक संक्रमित पाए गए। एक अन्य संक्रमित मिला। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से एक महिला की बस्ती के कैली अस्पताल में मौत हुई है। 17 नए संक्रमित मिले हैं।