- हाटा की दुकान पर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था पनीर, आ रहा था दुर्गंध
- पिपरौली चौकी पुलिस ने कालेसर जीरो पॉइंट पर रोकी दिल्ली नंबर की कार
- खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुणवत्ता खराब बताकर लिया नमूना
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर जीरो पाॅइंट के पास सोमवार की शाम पुलिस ने एक कार से सिद्धार्थनगर से कुशीनगर ले जाया जा रहा करीब डेढ़ कुंतल पनीर पकड़ लिया। पिपरौली चौकी पुलिस ने दिल्ली नंबर की कार से यह बरामदगी की। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के बाद इसे नष्ट कराया गया और नमूना लेकर लैब भेल दिया गया।
पूछताछ में चालक विक्रम राजभर निवासी नागचौरी, थाना मिश्रौलिया बांसी, सिद्धार्थनगर ने बताया कि पनीर सिद्धार्थनगर से कुशीनगर जिले के हाटा स्थित एक दुकान पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले की सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दी। मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी स्वामीनाथ ने पनीर की जांच की। प्रथम दृष्टया पनीर की गुणवत्ता खराब पाई गई और उसमें से दुर्गंध भी आ रही थी। इसके बाद जांच के लिए पनीर का नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पनीर संदिग्ध और गुणवत्ता में खराब मिला, जिससे जनस्वास्थ्य को खतरा हो सकता था। इसलिए शेष पनीर को पुलिस की मौजूदगी में नष्ट करा दिया गया। विभाग की ओर से नमूने को प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।