गोरखपुर। मलमास के दूसरे सोमवार को शहर और आसपास के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में पूरे दिन हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजते रहे। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के बेतियाहाता हनुमान मंदिर, महादेव झारखंडी मंदिर, बाबा मुक्तेश्वर नाथ मंदिर, दाउदपुर काली मंदिर, बेतियाहाता शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना हुई। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना की। मंदिरों के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। विष्णु मंदिर असुरन चौक के पुजारी विकास पांडेय ने बताया कि मलमास में श्रद्धालु बड़े ही आस्था भाव के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं।