कैंपियरगंज (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी शांति देवी से महिला समूह के नाम पर 5.84 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी महिला ने वादे से मुकर गई और जब शांति देवी ने पैसे लौटाने की मांग की तो उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता शांति देवी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से गांव की परमशीला पत्नी शंभू के साथ महिला समूह के माध्यम से पैसों का लेन-देन करती थीं। आरोप है कि लगभग दो साल पहले खेत का बैनामा कराने के नाम पर परमशीला ने उनके खाते से 5.84 लाख रुपये निकाल लिए और बाद में रकम वापस करने का भरोसा दिया। स्थानीय चौकी में शिकायत के बाद पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास भी किया गया लेकिन निर्धारित समय पर पैसे नहीं लौटाए गए। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।