कैंपियरगंज (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक सन्नी उर्फ रमेश यादव (28) की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
मोगलहा गांव निवासी निरम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति सन्नी उर्फ रमेश यादव बलुआ चौराहे से बाजार कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक के चालक ने बिना हॉर्न दिए लापरवाहीपूर्वक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रमेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैंपियरगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी निरम यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है।