बंधे पर बनी सड़क से होकर जंगल कौड़िया क्षेत्र के डोहरिया, शेरपुर चमराहे, भीटी, भिटनी, मीरपुर, बलुआ, सिहोंरवा, प्रतापपुर, अहिरौली, डीहाघाट सहित अन्य गांवों के लोग गोरखपुर शहर आते हैं। जंगल नंदलाल के कटनिया मोड़ के पास बने श्मशानघाट से बंधे की शुरूआत होती है। इस बंधे पर कटनियां से आगे जाने पर रियाहशी इलाका शुरू हो जाता है।
बांध कटा तो गांव डूबेंगे ही, बढ़ जाएगी शहर की दूरी
रामपुर गांव के पास कटनिया बंधे पर बनी पिच रोड से होकर छोटे- बड़े वाहन गुजरते हैं। शुक्रवार को 30 मिनट के भीतर यहां से छह ट्रक, 15 फोर व्हीलर और 30 से अधिक बाइक सवार गुजरे। इस रास्ते से जा रहे सागर और गोलू ने बताया कि गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई तो बंधा कटने से गांव तो डूबेंगे ही, साथ ही एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग शहर से कट जाएंगे।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में मानसून ने दी दस्तक, आज भी बारिश के आसार
रामपुर गांव के पास ही रोहिन नदी पर पुल बना हुआ है। इसी पुल से डोहरिया सहित अन्य अन्य गांवों के लोग आते-जाते हैं। लोगों ने पुल वाली जगह का रामपुर तिराहा नाम रख दिया है। यहां अपनी गुमटी में बैठे अवध ने बताया कि करीब नौ साल पूर्व इस बंधे पर सड़क बनी थी। हर साल बरसात में जहां-तहां सड़क की पटरियां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इस बार भी ऐसी ही हालत हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेनकट भरने के लिए मजदूर आए थे। रेनकट तो ठीक किए नहीं, सिर्फ घास छीलकर चले गए।
लोग बोले
जंगल नंदलाल निवासी शिवभोले साहनी ने कहा कि हम लोग इसी रास्ते से आते जाते हैं। पिच रोड बनने से बंधे पर वाहनों का दबाव है। बारिश होने पर इन गड्ढों से जब वाहन गुजरेंगे तो बंधे को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
जंगल नंदलाल निवासी राजू ने कहा कि नदी में बाढ़ आने पर कटान का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए, समय से बांध की मरम्मत जरूरी है। लेकिन, कोई ध्यान नहीं देता है।
इसे भी पढ़ें: तबाही बना नशा: शराब ने दे दी दिमागी बीमारी इसलिए पूछती है- नशे में कौन नहीं है...
रामपुर निवासी सागर ने कहा कि रामपुर तिराहा के पास बंधे पर सड़क के दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। हम लोग जानते हैं कि बंधा टूटने पर सभी जागेंगे। इसलिए पहले से सजग रहते हैं।
निर्माण खंड तीन के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने कहा कि बंधों पर पीडब्ल्यूडी की जो भी सड़कें या पटरियां क्षतिग्रस्त हैं, उनके संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही उनकी मरम्मत कराई जाएगी।
सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता दिनेश सिंह ने कहा कि तटबंधों की सुरक्षा के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बाढ़ को देखते हुए सुरक्षा और बचाव की तैयारी की गई है।