एसडीएम बनकर मांगा ओटीपी और उड़ा दिए 43 हजार
इटवा। तहसील इटवा के बूथ चोरथरी पर तैनात बीएलओ के खाते से जालसाजों ने 43 हजार रुपये उड़ा दिए। मामला 28 जुलाई का है। जालसाज ने मोबाइल फोन पर फर्जी एसडीएम से बात कराई और बीएलओ ने उनके ऊपर शक किए बिना ही ओटीपी बता दिया।
त्रिलोकपुर थाने के ग्राम पोखरभिटवा में कार्यरत रोजगार सेवक सुधीर कुमार इटवा तहसील क्षेत्र के ग्राम चोरथरी में बीएलओ का कार्य देख रहे हैं। जालसाज ने खुद को तहसील कर्मी बताकर फार्म 6 व 7 की फीडिंग की जानकारी ली। उसने बीएलओ के बकाया मानदेय के भुगतान की जानकारी ली। इसके भुगतान की जानकारी देने के बाद ओटीपी पूछा गया। ओटीपी बताते ही इनके एसबीआई इटवा के उनके खाते में जमा 43 हजार अन्य किसी खाते में ट्रांसफर हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में एसडीएम इटवा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम अभिषेक पाठक का कहना है कि एसओ त्रिलोकपुर विद्याधर कुशवाहा को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।