गोरखपुर में सीएम के कैंप कार्यालय में पहुंचे एक वृद्ध ने गुहार लगाई है कि उसे उसके बेटों से बचाया जाए। खजनी थाना क्षेत्र के रामपुर मलौली गांव निवासी 75 वर्षीय धुनेक शनिवार को गोरखनाथ मंदिर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना पत्र कार्यालय प्रभारी मोतीलाल सिंह को दिया। इसमें उन्होंने कहा है कि उसकी तबीयत बहुत दिनों से खराब है। दूसरे से कर्ज लेकर दवा कराया और कर्जदार जब परेशान करने लगे तो खेत बेच कर कर्ज की अदायगी कर दी। कुछ रकम बची है उसे बैंक में जमा किए हैं।
बेटे इसी रकम को पाने के लिए उन्हें परेशान करते हैं। सबसे छोटा बेटा इलाज कराने के लिए जहां जरूरत होती है वहां लेकर जाता है तो उसे भी अन्य दोनों बेटे पीटते हैं। इसकी शिकायत जब पुलिस से की तो उल्टे उन्हें और उसके छोटे बेटे को प्रताड़ित किया जाने लगा।
कार्यालय प्रभारी ने वृद्ध की फरियाद सुनने के बाद थानाध्यक्ष खजनी को फोन कर कहा कि वृद्ध के साथ नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए।