सिद्धार्थनगर में कोरोना संक्रमण से बस्ती जिले के कैली अस्पताल में इटवा क्षेत्र के रहने वाले एक वृद्ध की मौत हो गई। वहीं बुधवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 22 नए मरीज मिले।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया। जिले में अब तक 3297 संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 2957 लोग स्वस्थ होकर जा चुके हैं, जबकि 306 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं एक नए मरीज के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मरने वालों की भी संख्या में इजाफा हो रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक इटवा क्षेत्र के एक गांव निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था।
कैली अस्पताल (बस्ती) में इलाज चल रहा था और उसकी मौत हो गई। वहीं डुमरियागंज क्षेत्र में सर्वाधिक छह संक्रमित पाए गए। इनमें धर्मपुर धोरहा गांव में चार, परसा मुर्तजा गांव में दो संक्रमित मिले। लोटन के स्थानीय कस्बे में तीन और बरधाह गांव में एक संक्रमित मिला।
नौगढ़ के मधुकरपुर, बसडिलिया, करैनिया गांव में एक-एक संक्रमित मिले। भनवापुर के धनौरी, फूलपुर राजा, भनवापुर गांव में एक-एक संक्रमित मिले। इटवा के मिश्रौलिया और बनगवां गांव में एक-एक संक्रमित मिले। जोगिया के स्थानीय कस्बा, शोहरतगढ़ टीचर कॉलोनी, उसका बाजार के सेखुई गांव में एक-एक संक्रमित मिले। इसके अलावा एक अन्य संक्रमित मिला।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से वृद्ध की मौत हुई है और जिले में 22 नए संक्रमित मिले हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।