गोरखपुर। बारिश के बाद सोमवार को हड़हवा फाटक क्रॉसिंग, साकेतनगर व आसपास के मोहल्लों में जलभराव की समस्या के बीच नाला सफाई को लेकर पार्षद ऋषि मोहन वर्मा और जटेपुर उत्तरी वार्ड के पार्षद पवन सिंह के बीच नोकझोंक हो गई। जानकारी पर नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर अवर अभियंता विवेकानंद सिंह, प्रवर्तन दल, सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एके सिंह और सहायक अभियंता सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होेंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
बताया गया कि हड़हवा फाटक क्रॉसिंग के पास सेतु निगम फोरलेन परियोजना के तहत नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जो अभी अधूरा है। साकेतनगर तक नगर निगम की ओर से निर्मित नाले का पानी भविष्य में जल निगम के नाले से जोड़ा जाना है। फिलहाल निर्माण अधूरा होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पाइप डालकर पानी की निकासी कराई जा रही है। बारिश के बाद जलभराव होने पर पार्षद ऋषि मोहन वर्मा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ नाले की सफाई करा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पार्षद पवन सिंह से विवाद शुरू हुआ, जो कुछ देर के लिए तीखी नोकझोंक में बदल गया। इस दौरान पार्षद ऋषि मोहन ने फोन से नगर आयुक्त को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पहुंचे अफसरों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।
इधर, नगर आयुक्त ने सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर हड़हवा फाटक क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।