अब आंगनबाड़ी केंद्र पर धात्री माताओं और बच्चों को महिला स्वयं समूहों द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार किया गया पोषक आहार मिलेगा। गोरखपुर जनपद के छह ब्लॉकों में पूरक पोषक आहार प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इन पर बने पोषक आहार, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) विभाग के माध्यम से सभी ब्लॉकों में स्थित, करीब चार हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जनपद के पाली, गगहा, पिपराइच, सरदारनगर, पिपरौली और गोला ब्लॉक में पूरक पोषक आहार प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इन प्लांटों पर छह प्रकार के (टेक होम राशन) टीएचआर पुष्टाहार का उत्पादन किया जाएगा।
एनआरएलएम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (पीडी) श्याम सिंह के मुताबिक एक प्लांट का संचालन 300 स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी। प्लांट में महिलाओं की आर्थिक हिस्सेदारी तय करने के लिए प्रत्येक समूह ने 30,000 रुपये का अंशदान किया है। प्रत्येक प्लांट की उत्पादन क्षमता पांच मीट्रिक टन पुष्टाहार प्रतिदिन रखी गई है। इनमें टेक होम राशन यानी सूखा पुष्टाहार तैयार किया जाएगा। यहां से यह पुष्टाहार आईसीडीएस को आपूर्ति की जाएगी। आईसीडीएस इसे आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से धात्री माताओं और बच्चों को वितरित करेगा।