गोरखपुर में एनआरआई के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरण के बाद एनआरआई के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। बैंकाक से लौटकर घर जा रहे युवक का कार सवार बदमाशों ने मंगलवार को सहजनवां से अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने मारापीटा और युवक से 12 हजार अमेरिकी डॉलर, 16 हजार भारतीय रुपये और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। वह नान रेजिडेंट इंडियन ‘एनआरआई’ भी हैं। बहरहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना की सूचना पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी भी सहजनवां थाने पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव निवासी सर्वेश यादव पुत्र रामनाथ यादव बैंकाक में कमाते हैं। सोमवार को सर्वेश बैंकाक से फ्लाइट पकड़ कर भोर में 5 बजे दिल्ली आए। फिर सोमवार की रात 12 बजे दिल्ली से बस पकड़ कर घर के लिए निकल पड़े। बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोपहर तीन बजे के करीब सर्वेश सहजनवां में पेट्रोल पंप के पास खड़े होकर परिजनों का इंतजार कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान दो कार से आए छह बदमाशों ने पिस्टल सटाकर युवक को एक कार में बैठा लिया और गोरखपुर किसी अज्ञात स्थान पर एक कमरे ले गए। कमरे में मारपीट कर पास रखे 12 हजार डॉलर ,16 हजार रुपये नकद और 75 ग्राम सोने की चेन लूट कर फरार गए।