गोरखपुर शहर में अब बिना हेलमेट प्रवेश नहीं मिलेगा। शहर के सभी प्रवेश मार्ग पर पुलिस बुधवार सुबह आठ बजे से ही हेलमेट की चेकिंग शुरू हो गई। इस दौरान बिना हेलमेट वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। कुछ दिन बाद इनके प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर भी बिना हेलमेट तेल नहीं दिया जाएगा। इसका पालन पुलिस सख्ती से कराएगी। इस संबंध में प्रभारी एसएसपी, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने आदेश जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट पर अभियान चलाने का फैसला एसपी सिटी ने लिया है। उनका मानना है कि कई ऐसे लोग हैं, जो जान की सुरक्षा की सोच छोड़कर हेलमेट की अनदेखी करते हैं। इसे देखते हुए हेलमेट के बिना शहर में प्रवेश पर ही रोक लगाने का फैसला किया गया है। पेट्रोल पंप के कैमरों की मदद से भी बिना हेलमेट वालों का चालान काटकर जुर्माना वसूला जाएगा।
बाएं लेन पर लगेगा बैरियर
तमाम कोशिशों के बाद भी बाएं लेन को खाली नहीं कराया जा सका है। इसे देखते हुए अब बाएं लेन पर बैरियर लगाने का फैसला लिया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि लखनऊ के तर्ज पर बैरियर लगाए जाएंगे, ताकि बाएं लेन खाली रहे और आसानी से लोग आ-जा सकें। इसके बाद गलत तरीके से इस लेन पर आने वालों का सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालान किया जाएगा।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि बिना हेलमेट शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बुधवार से इसके लिए अभियान की शुरुआत हो गई है। सुबह आठ बजे से ही पुलिस शहर के सभी पांच इंट्री प्वाइंट पर हेलमेट की चेकिंग कर रही है।