यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब वे काउंटर टिकट को भी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर निरस्त करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर काउंटर टिकट सर्विस पर जाकर निरस्त कराना होगा लेकिन रिफंड लेने उन्हें काउंटर पर ही जाना पड़ेगा। मूल टिकट को जमा करने के बाद पूरा किराया रेलवे से वापस हो जाएगा।
रेलवे ने ट्रेनों का संचालन 12 अगस्त तक निरस्त कर दिया है। निरस्त ट्रेनों के ई-टिकट का रिफंड स्वत: हो जाएगा जबकि काउंटर टिकट के लिए रिफंड छह महीने तक कराया जा सकता है।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वे यात्री जो 139 के माध्यम से काउंटर से लिए गए टिकट को निरस्त कराते हैं वे यात्रा की तिथि से छह माह के अंदर टिकट काउंटर से रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। काउंटर पर टिकट रिफंड कराते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य है।