गोरखपुर से मुंबई, दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गोरखपुर एयरपोर्ट से अब अकासा एयरलाइन के विमान दोनों जगहों के लिए उड़ान भरेंगे। लगातार कई कंपनियों की विमान सेवा बंद होने के बाद लोगों को हवाई टिकटों की बुकिंग के लिए परेशान होना पड़ रहा था। लोगों को काफी महंगे दाम पर टिकट खरीदने पड़ रहे थे। जिसकी वजह से लोगों की जेब ढीली हो रही थी।
कंपनी ने तैयार किया शेड्यूल
अकासा एयरलाइन को एयरफोर्स से मंजूरी मिलने के बाद कंपनी ने अपना शेड्यूल भी तैयार कर लिया है। बहुत जल्द यात्री ऑनलाइन हवाई टिकट बुक करा सकेंगे।
यात्रियों को हो रही थी परेशानी
वर्तमान में गोरखपुर से इंडिगो व एलायंस एयर के छह विमान दिल्ली मुंबई हैदराबाद व कोलकाता की उड़ान भरते हैं। स्पाइस जेट ने फरवरी 2024 में गोरखपुर से दिल्ली व मुंबई के लिए होने वाली उड़ान को बंद कर दिया। हाल ही में एलायंस एयर ने क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत शुरू हुई लखनऊ की भी उड़ान बंद कर दी। साथ ही दिल्ली की उड़ान को चार दिन कर दिया। जिसके बाद से ही गोरखपुर से मुंबई, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को महंगे टिकट बुक करवा कर यात्रा करनी पड़ रही थी। वहीं, शहर के कुछ लोग गोरखपुर से विमान का विकल्प कम होने की वजह से अयोध्या एयरपोर्ट से मुंबई और दिल्ली का हवाई टिकट बुक कराने लगे थे।