स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर-महराजगंज की विधान परिषद सीट के लिए भी तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 15 से 22 मार्च तक नामांकन, 23 को नामांकन पत्रों की जांच और 25 मार्च को नाम वापसी की तारीख तय की गई है। नौ अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान और 12 अप्रैल को मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने वोटर लिस्ट दुरुस्त करने के साथ ही चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर लेने का निर्देश दिया है। गोरखपुर-महराजगंज, दोनों ही जिलों के सभी ब्लॉकों में एक-एक बूथ बनाए जाएंगे। साथ ही एक बूथ गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में बनाया जाएगा, जहां निगम के निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे।
चुनाव में सांसद, विधायक, सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष के साथ ही निगम के पार्षद व मेयर तथा नगर पंचायतों के पार्षद व अध्यक्ष अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वोटर लिस्ट तकरीबन तैयार है। प्रशासन एक बार यह जांचेगा कि किसी वोटर की मृत्यु तो नहीं हुई। उसका नाम वोटर लिस्ट से बाहर निकाला जाएगा।
मानक के मुताबिक, एक बूथ पर न्यूनतम 70 और अधिकतम 800 वोटर हो सकते हैं। नामांकन, कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय कक्ष में होगा। मतों कि गिनती का काम भी वहीं होगा। सात मार्च को एमएलसी का कार्यकाल खत्म हो गया था। गोरखपुर-महराजगंज की विधान परिषद सीट से सीपी चन्द एमएलसी रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि 15 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।