उरुवा बाजार। बेलघाट थाना क्षेत्र के कटया गांव निवासी धर्मेंद्र निषाद की 15 वर्षीय बेटी आरुषि के घाघरा नदी में डूबने की आशंका को लेकर बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी तलाश जारी रही। एसडीआरएफ की टीम ने बेलघाट पुलिस और स्थानीय लोगों के साथ नदी में कई घंटे खोजबीन की लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चला।
घाघरा नदी में बाढ़ के कारण तेज बहाव है। ऐसे में किशोरी के बहकर दूर जाने की आशंका को देखते हुए बेलघाट थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संदीप यादव ने आरुषि के हुलिया की जानकारी आसपास के थानों को भी भेजी है। नदी का दूसरा छोर आजमगढ़ जनपद में पड़ता है। ऐसे में उसके बहकर वहां पहुंचने की भी आशंका जताई जा रही है। परिजन के अनुसार, आरुषि बुधवार को करीब एक बजे विद्यालय से पढ़कर घर आई थी। खाना खाने के बाद वह नदी की ओर गई थी। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। बुधवार को भी पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों ने नाव से घंटों तलाश की थी।