महराजगंज शहर में फरेंदा रोड पर जिला उद्योग केंद्र के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक पिकअप में टक्कर मार दिया। जिससे उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। वहीं पास से गुजर रहा एक साइकिल सवार भी घायल हो गया।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में आठ लोग कुशीनगर जिले के रहने वाले हैं। यह लोग घरेलू विवाद के मामले में सुलह समझौता करने महिला थाने पर जा रहे थे। वहां पहुंचने के पहले ही दुर्घटना हो गई।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के परसिया बगहीकुटी गांव के राजेंद्र सहानी (49), प्रदीप पासवान (15), प्रमोद पासवान (20), रामकृपाल (28), दुर्गावती (36), ढ़िल्लू सहानी (22), रमावती (40), विशंभर पासवान (40) पिकअप में सवार होकर महिला थाने पर जा रहे थे। पिकअप जैसे ही फरेंदा रोड पर जिला उद्योग केंद्र के सामने पहुंची, पीछे से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दी।
वहीं पास से गुजर रहा साइकिल सवार कुदंन (17) निवासी महुअवा भी पिकअप की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक छोडकर चालक फरार हो गया। मौके पर कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अंकित सिंह, कांस्टेबल सोमनाथ अपने टीम के साथ पहुंच कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया गया कि पिकअप में सवार लोग महिला थाने पर घरेलू विवाद से जुडे मामले को लेकर जा रहे थे। पिकअप पर सामान भी लदा था। लेकिन रास्ते में ही दुर्घटना होने से लोग वहां नहीं पहुंच सके। कोतवाल मनीष सिंह ने बताया कि घायलों को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रक कब्जे में है, तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।