गोरखपुर से चलने वाली नौ ट्रेनों में बृहस्पतिवार से मिनी पेंट्री ट्रेन साइड वेंडिंग (टीएसवी) की सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे यात्रियों को चाय-नाश्ता के अलावा गर्मागर्म भोजन भी मिलेगा। अभी तक इन ट्रेनों में रेलवे की ओर से खाने-पीने की चीजें नहीं मिला करती थीं। इसके शुरू होने से करीब 30-35 हजार यात्रियों को सहूलियत होगी।
आईआरसीटीसी ने गोरखधाम स्पेशल, चौरीचौरा स्पेशल, पनवेल स्पेशल (यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन अलग नंबर से है), कृषक स्पेशल और सत्याग्रह स्पेेशल ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों में यात्रियों को सुबह की चाय तो मिलेगी ही, दोपहर और रात में ऑर्डर देने पर भोजन उपलब्ध हो सकेगा। ट्रेन के ही एक कोच में साइड वेंडिंग की व्यवस्था की गई है। रेल मंत्रालय ने बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में साइड वेडिंग की सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया था।
अनाधिकृत वेंडिंग पर लगेगी रोक
ट्रेन साइड वेंडिंग शुरू होने से यात्रियों को ताजा नाश्ता और भोजन तो मिलेगा ही, अनाधिकृत वेंडिंग भी बंद हो जाएगी। रास्ते में ट्रेन में चढ़ने वाले वेंडरों से खाने-पीने के सामान को खरीदने की मजबूरी यात्रियों के सामने नहीं रहेगी।