इस बार नव वर्ष पर धार्मिक पर्यटन को लेकर लोगों में उत्साह है। एक साथ छुट्टियों का मौका मिलते ही लोगों ने सबसे अधिक बुकिंग वाराणसी और उज्जैन के लिए कराई है। ट्रेनों के कैंसिल होने के चलते लोग प्राइवेट टैक्सी बुक कर रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या जाने के लिए भी ट्रेन व प्राइवेट टैक्सियों की बुकिंग हो रही है। 31 दिसंबर से सरकारी प्राइमरी स्कूलों में अवकाश होने के चलते शिक्षक समूह में यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं।
कुशीनगर के रहने वाले राजेंद्र सिंह ने परिवार समेत हैदराबाद जाने की योजना बनाई थी। वहां से उन्हें 12 ज्योतिर्लिंग में से एक भीमाशंकर महादेव के दर्शन करने जाना था। इसके लिए उन्होंने गोरखपुर से हैदराबाद जाने वाली ट्रेन में बुकिंग भी कराई थी, लेकिन बाराबंकी में नॉन इंटरलॉकिंग के चलते यह ट्रेन कैंसिल हो गई।
राजेंद्र ने ट्रेन कैंसिल होने के बाद यात्रा का स्थान परिवर्तित कर दिया। अब वह परिवार समेत बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने वाराणसी जाएंगे। ऐसे तमाम लोग हैं, जो इस बार नव वर्ष पर धार्मिक पर्यटन की योजना बना रहे हैं।