-जातीय के साथ सामाजिक समीकरण का ख्याल, पंजाबी, सिंधी और मारवाड़ी समाज को पहली बार टीम में जगह
- पुरानी कार्यकारिणी से केवल चार कार्यकर्ताओं को नई में मिला स्थान
गोरखपुर। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने लंबे इंतजार के बाद बुधवार की रात भाजपा की गोरखपुर महानगर इकाई की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी। पार्टी ने 22 सदस्यीय टीम में चार पुराने अनुभवी चेहरों के साथ जातीय और सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश की है। पहली बार पंजाबी, सिंधी और मारवाड़ी समाज को भी प्रतिनिधित्व मिला है।
भाजपा की नई महानगर टीम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन में व्यापारी और विभिन्न सामाजिक समुदाय से आने वालों लोगों को शामिल कर संदेश देने की कोशिश की गई है। नई कार्यकारिणी में दो ब्राह्मणों को टीम का हिस्सा बनाया गया है तो वहीं तीन राजपूत को प्रतिनिधित्व मिला है। टीम में पिछड़े वर्ग से अध्यक्ष सहित छह कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। अनुसूचित वर्ग की हिस्सेदारी पिछले कमेटी में एक थी अब दो हो गई है।
कार्यकारिणी में संगठन और चुनावी प्रबंधन का अनुभव रखने वाले चेहरों को भी महत्व दिया गया है। अच्युतानंद शाही को दोबारा महानगर महामंत्री बनाया गया है जबकि रणविजय सिंह मुन्ना को जिला मंत्री से पदोन्नति देकर जिला उपाध्यक्ष और रणविजय सिंह को फिर से उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है। पूर्व कमेटी में महानगर मंत्री रहे मनोज अग्रहरि को इस बार महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े अनुभव को टीम में शामिल किया गया है। किसान मोर्चा के महानगर महामंत्री समरेंदु सिंह को नई टीम में महानगर महामंत्री पद दिया गया है। मीडिया टीम की घोषणा जल्द की जाएगी।
-
महानगर भाजपा की नई कार्यकारिणी
अध्यक्ष : रमेश प्रताप गुप्ता
उपाध्यक्ष : वरुण चौरसिया, संतोष शुक्ला, पवन यादव, रणविजय शाही, मनीष जैन, रणविजय सिंह मुन्ना, अमृत लाल भारती व श्वेता श्रीवास्तव
महामंत्री : अच्युतानंद शाही, समरेंदु कुमार सिंह व मनोज अग्रहरि
मंत्री : सत्यम साहनी, आनंद अग्रहरी, जगनैन सिंह नीटू, उषा चौहान, प्रेमनाथ शुक्ला, सिद्धांतो घोष, निखिल मोटानी व सूरज गुप्ता
कोषाध्यक्ष : विक्की कुकरेजा
कार्यालय मंत्री : विश्वेश श्रीवास्तव